
डीएम ने एकीकृत कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर का लिया जायजा
कन्ट्रोलरूम में आने वाले प्रत्येक कॉल पर प्रभावी कार्यवाही होनी चाहिए
जांच संक्रमित पाए जाने पर मरीज को तत्काल आवश्यक दवाओं की किट उपलब्ध कराएं
एटा। जिलाधिकारी डा0 विभा चहल बुधवार को प्रातः कलक्ट्रेट में संचालित एकीकृत कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। डीएम ने इस दौरान मौजूद कन्ट्रोलरूम प्रभारी तहसीलदार न्यायिक दुर्गेश यादव, सीएचओ डा0 अमन प्रताप आदि को निर्देश दिए कि कन्ट्रोलरूम में आने वाले प्रत्येक कॉल को उठाया जाए, साथ ही प्रत्येक कॉल को रजिस्टर्ड करके प्रभावी कार्यवाही हेतु संबंधित को निर्देश दिए जाए। बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए कन्ट्रोलरूम को और अधिक प्रभावी किए जाने की आवश्यकता है।
डीएम ने कहा कि बागवाला एलटू अस्पताल एवं होम आइसोलेट किए गए सभी कोविड संक्रमित मरीजों से नियमित रूप से वार्ता कर हालचाल लिया जाए। यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न हो तो उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाई जाए जिससे कि समय से कार्यवाही की जा सके। कोविड अस्पताल में भर्ती मरीजों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी समितियों को एक्टिव किया जाए, निगरानी समिति के सदस्यों द्वारा किए जा रहे कार्यां की समय-समय पर मॉनीटरिंग की होनी चाहिए। निगरानी समिति के सदस्यों द्वारा डोर टू डोर भ्रमण कर गांव में बाहर से जाने वालों की सूचना एकत्रित कर सैम्पलिंग कराने में सहयोग प्रदान किया जाए, जिससे कि गांव के अन्य लोगों को कोविड संक्रमण से बचाया जा सके।
इस अवसर पर सीडीओ अजय प्रकाश, सीएमओ डा0 अरविंद कुमार गर्ग, एडीएम वित्त एवं राजस्व सुनील कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, एएसपी ओपी सिंह, एसडीएम सदर अबुल कलाम, एसटीओ गजेन्द्र सिंह, एसीएमओ डा0 बीडी भिरौरिया, डिप्टी सीएमओ सतीश चन्द्र नागर, डा0 सीएल यादव आदि मौजूद रहे।