
जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार में मतगणना कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण
सीडीओ, डीडीओ ने मतगणना कार्मिकों को प्रजेंटेशन के माध्यम विंदुवार दी जानकारी
एटा। जिला निर्वाचन अधिकारी डा0 विभा चहल के निर्देशन में जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार में मतगणना में तैनात किए गए कार्मिकों को प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रभारी अधिकारी कार्मिक सीडीओ अजय प्रकाश, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह ने दो पालियों में प्रजेंटेशन के माध्यम से मौजूद मतगणना कार्मिकों को विंदुवार जानकारी दी, साथ ही मतगणना कार्मिकों की समय-समय पर जिज्ञासाओं को भी दूर किया। उन्होंने इस दौरान निर्देश दिए कि सभी मतगणना कार्मिक सौंपे दायित्वों का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए मतगणना को सकुशल सम्पन्न कराएं।
सीडीओ अजय प्रकाश ने बताया कि पंचायत निर्वाचन 2021 की मतगणना हेतु स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं। विकासखण्ड मारहरा की मतगणना द्रोपा देवी इण्टर कॉलेज स्टेशन रोड मारहरा, सकीट विकासखण्ड की श्रीमती शांति देवी इण्टर कॉलेज आसपुर चौराहा, निधौलीकलां की राष्ट्रीय इण्टर कॉलेज निधौलीकलां, शीतलपुर की सर्वादय इण्टर कॉलेज शीतलपुर, अवागढ़ की एमएचएच डिग्री कॉलेज नगला सीर अवागढ़, जलेसर की मण्डी समिति जलेसर, जैथरा की गांधी सार्वजनिक इण्टर कॉलेज जैथरा, अलीगंज की टीडी पब्लिक स्कूल अलीगंज में मतगणना होगी।
डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयेग उ0प्र0, लखनऊ द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 की निर्वाचन प्रक्रिया चल रही है, जिसके अर्न्तगत मतगणना की कार्यवाही 2 मई 2021 को प्रातः 08 बजे से प्रारम्भ की जायेगी। मतगणना केन्द्र पर मतगणना व्यवस्था में लगे समस्त कर्मचारियों, अधिकारियों तथा निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवार, गणना अभिकर्ता, निर्वाचन अभिकर्ता का प्रवेश, सक्षम अधिकारियों से जारी पहचान पत्र के बिना प्रतिबन्धित रहेगा। समस्त प्रत्याशियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने निर्वाचन, मतगणना अभिकर्ताओं की गणना तिथि से पूर्व कोविड-19 की जॉच करा ले। मतगणना केन्द्र पर केवल उन्ही निर्वाचन, मतगणना अभिकर्ताओं को प्रवेश दिया जायेगा जिनके पास 72 घण्टे के अंतराल की कोविड-19 की निगेटिव जाँच रिपोर्ट होगी। मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण जनेश्वर मिश्र हॉल, जिला पंचायत-एटा पर 30 अप्रैल तक दिया जाएगा।
इस अवसर पर मतगणना से जुड़े अधिकारीगण, तैनात किए गए मतगणना कार्मिक आदि मौजूद रहे।