
पहले आएंगे ग्राम पंचायत सदस्य के परिणाम
एटा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना दो मई को सभी विकासखंड मुख्यालयों पर कराई जाएगी। इसके लिए प्रशासन स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। सबसे पहले ग्राम पंचायत सदस्य के परिणाम आएंगे। इसके बाद प्रधान, बीडीसी और बाद में जिला पंचायत सदस्य पदों के नतीजे प्राप्त होंगे।
जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य व प्रधान सहित ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए मतदान 19 अप्रैल को कराया जा चुका है। मतपेटियां सभी संबंधित विकासखंड मुख्यालयों पर बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखवाई गई हैं। इन्हें दो मई को निकालकर मतगणना कराई जाएगी। इसके लिए मतगणना स्थलों पर टेबिल सहित बांस-बल्लियां लगाने का कार्य किया जा रहा है। ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए प्रत्याशियों की संख्या कम है, साथ ही कई जगह निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। ऐसे में सबसे पहले ग्राम पंचायत सदस्य जबकि अंत में जिला पंचायत सदस्य का परिणाम आएगा।
पेयजल, मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था कराएं
डीएम डॉ. विभा चहल ने बताया कि मतगणना दो दिन तक चलने का अनुमान है। केंद्रों पर बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं अधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं। इसके अलावा बहुत काफी संख्या में उम्मीदवार एवं उनके मतगणना अभिकर्ता भी उपस्थित रहेंगे। इसे देखते हुए केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था की जाए। कोरोना गाइडलाइन के अनुसार प्रत्येक केंद्र पर संबंधित नगर निकाय से सैनिटाइजेशन कराया जाए।
वर्जन
सुनील कुमार सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना में सभी पदों की एक साथ मतगणना शुरु होगी। इस दौरान सबसे पहले ग्राम पंचायत सदस्य का परिणाम आएगा।