जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल पहुंचकर टीकाकरण, सैम्पलिंग का लिया जायजा

एटा। जिलाधिकारी डा0 विभा चहल ने शनिवार को जिला अस्पताल पहुंचकर बढ़ते कोरोना संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए टीकाकरण, सैम्पलिंग का जायजा लिया। डीएम ने इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 अरविंद कुमार गर्ग, सीएमएस डा0 राजेश अग्रवाल, सीएमएस महिला डा0 अशोक कुमार के साथ जिला अस्पताल, महिला चिकित्सालय में चल रहे टीकाकरण कार्य को भी चैक किया। उन्होंने वेटिंग रूम में बैठे लोगों से अपील की कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति जिन्होंने अपना टीकाकरण नहीं कराया है, वे कोविड-19 से बचाव को देखते हुए अपना टीकाकरण अवश्य कराएं।
डीएम ने कहा कि बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूर्ण तैयारी कर ली है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। टेस्टिंग, सैम्पलिंग एवं ट्रीटमेंट पर पूरी नजर रखी जा रही है। इस दौरान आईवार्ड में रखे 4 आईसीयू वैड सहित कुल 16 वैड का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मैटरनिटी विंग में इन वैडों का प्रयोग किया जा सकेगा। डीएम ने वर्न वार्ड के निरीक्षण में पाया कि नोन कोविड वर्न वार्ड में कुल 12 बैड हैं, जहां सामान्य मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। डीएम ने इमरजैंसी, लैब पहुंचकर भी निरीक्षण किया, साथ ही निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में ओपीडी हॉल में कोरोना सैम्पलिंग कराई जाए।
डीएम ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को अपना कोविड टैस्ट कराना है, तो वह रोडवेज बस स्टैंड पर दो साइटें जो कि सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक, रोडबेज बस स्टैण्ड पर एक साइट शाम 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक, पटियाली गेट चौकी पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक एक साइट, शांतिनगर गेस्ट हाउस पर प्रातः 9 बजे शाम 4 बजे तक एक साइट, महिला अस्पताल में प्रातः 9 बजे से शाम 4 बजे तक कोरोना की जांच कराई जा सकती है। इसके अलावा जिला अस्पताल में ओपीडी हॉल में 24 घण्टे कोरोना जांच की सुविधा उपलब्ध है।
डीएम ने कहा कि कोरोना का संक्रमण काफी तेजी के साथ फैल रहा है। संक्रमण की रोकथाम एवं जनजागरूकता हेतु एकीकृत कमाण्ड एवं कन्ट्रोल सेंटर के नम्बर 05742234320, 234327 एवं सीएमओ कन्ट्रोलरूम 05742233174 नम्बरों का वृहद स्तर पर प्रचार प्रसार करते हुए जनसामान्य को जागरूक किया जाए। लोगों को बताया जाए कि यदि उन्हें खांसी, जुकाम, बुखार, श्वास लेने में दिक्कत है तो वे कन्ट्रोलरूम नम्बरों पर फोन करके जांच करा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में भ्रमण कर संक्रमित मरीज जिनकी हालत ज्यादा खराब है उनको एलटू अस्पताल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बागवाला में भर्ती कराया जाए। कोविड संक्रमित मरीजों को मानक के अनुसार होम आइसोलेशन की सुविधा प्रदान की जाए।