
कोरोना कर्फ्यू के दौरान जनपदभर में चला विशेष सेनिटाइजेशन, फॉगिंग अभियान
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने टीम के साथ सड़क पर उतरकर कराया वृहद सैनिटाइजेशन
एटा। जिलाधिकारी डॉ0 विभा चहल ने कहा कि कोरोना कर्फ्यू के समय आवश्यक सेवाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई आदि से जुड़े हुए कर्मियों के अतिरिक्त कोई अन्य आवागमन की अनुमति नहीं होगी। जनपद स्तर पर अग्निशमन विभाग द्वारा नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छता सफाई का विशेष अभियान चलाकर सेनेटाइजेशन फागिंग कराई गई। डीएम ने निर्देश दिए कि वर्तमान में कोविड-19 महामारी पर प्रभावी नियंत्रण, रोकथाम हेतु जनपद में रात्रि में आवागमन नियंत्रित करने के उद्देश्य से रात्रि 08 बजे से प्रातः 07 बजे तक रात्रि निषेधाज्ञा लागू की गई है।
डीएम के निर्देशानुसार एटा नगर पालिका, जलेसर, अलीगंज, मारहरा, सकीट, निधौलीकलां, राजा का रामपुर, जैथरा, अवागढ़ आदि नगरीय निकाय क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों, अस्पतालों, बाजारों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पालिका टीमों द्वारा वृहद स्तर पर सेनिटाइजेशन कराया गया। डीएम ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव हेतु जनपद में विशेष सतर्कता बरती जाए, मास्क का नियमित रूप से प्रयोग किया जाए तथा सामाजिक दूरी का भी शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए। मास्क पहनकर ही लोग बाहर निकले, मास्क ना पहनने वालों का चालान किया जाए। स्वास्थ्य विभाग की मेडीकल टीम द्वारा कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग एवं सैम्पलिंग का कार्य में तेजी लाए जाएं।
मुख्य विकास अधिकारी अजय प्रकाश ने कहा कि कोविड-19 पर प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु निगरानी समिति के सदस्यों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बाहर से आने वाले प्रवासी श्रमिकों की सूचना एकत्रित कर उनकी समय से सैंपलिंग कराने में सहयोग प्रदान किया जाए। ग्राम स्तरीय कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर लोगों को मास्क पहनने एवं सामाजिक दूरी का पालन करने हेतु प्रेरित किया जाए। कोरोना का संक्रमण काफी भयानक है, इस हेतु जनपदभर में विशेष सतर्कता बरती जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में मारहरा, शीतलपुर, जलेसर आदि के मुखरना, गोकनी, लालपुर कल्याणपुर, मिरहची, सुपैती, जैनपुरा, देवकरनपुर, शीतलपुर, बड़हरा, निजामपुर, पटसुआ, परौली आदि सैकड़ों की संख्या में ग्रामों में सफाईकर्मचारियों द्वारा विशेष साफ सफाई करने के साथ-साथ सेनेटाइजेशन, फॉगिंग कराई गई।