
प्रधान पद प्रत्याशी सहित दो की कोरोना से मौत
एटा – जिले में कोरोना संक्रमित की स्थिति दिनों दिन भयावह होती जा रही है। रविवार को ब्लॉक निधौलीकलां के गांव कुतकपुर बंथल में प्रधान पद के प्रत्याशी चरन सिंह यादव, साक्षीपुरम निवासी 45 वर्षीय शंकरलाल की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। एक दिन में दो कोरोना संक्रमित की मौत से स्वास्थ्य विभाग सकते में आ गया है।
रविवार को अपर जिला मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह ने पत्र जारी कर ब्लॉक निधौलीकलां के ग्राम कुतकपुर बंथल के प्रधान पद प्रत्याशी चरन सिंह पुत्र वीरेन्द्र सिंह की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत होने की जानकारी दी है। इसी प्रकार रविवार को जिला अस्पताल इमरजेंसी में कोरोना जांच कराने पर साक्षीपुरम निवासी 45 वर्षीय शंकरलाल कोरोना संक्रमित निकले। हालत गंभीर होने पर कोरोना पॉजिटिव को सीएचसी बागवाला स्थित एल-2 अस्पताल में भर्ती करने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।