
जमीन के बंटवारे की पंचायत में हमला, चार घायल
~सकीट के ग्राम कमालपुर मई में हुई घटना मारपीट की अन्य घटनाओं में पांच जख्मी~
एटा: सकीट थाना क्षेत्र में बंटवारे को लेकर चल रही पंचायत में कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिव्यांग महिला, उसके पुत्र और पुत्रवधू समेत चार को घायल कर दिया। अन्य स्थानों पर हुईं मारपीट की घटनाओं में पांच जख्मी हुए हैं।
गुरुवार सुबह ग्राम कमालपुर मई में गौरव और उसके चाचा जयदेव व सर्वेश के बीच पंचायत चल रही थी। पंचायत में रिश्तेदार व शुभचितक भी मौजूद थे। आरोप है कि तभी जयदेव और उसके रिश्तेदारों ने गौरव को पकड़कर खींच लिया और लाठी-डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया। उसकी दिव्यांग मां ओमवती तथा पत्नी पूजा ने हस्तक्षेप किया तो आरोपितों ने उन्हें भी लहूलुहान कर दिया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।