
चेकिग को गई विद्युत टीम पर हमला, जेई घायल
~मोबाइल फोन तोड़ने का भी आरोप जसरथपुर के परधनापुर में हुई घटना~
एटा: जसरथपुर थाना क्षेत्र में चेकिग को गई विद्युत टीम पर हमला कर दिया। जेई घायल हो गए, जबकि अन्य कर्मचारी बाल-बाल बच गए। जेई ने मोबाइल फोन तोड़ने का भी आरोप लगाया है। रिपोर्ट 25 लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है।
मंगलवार को जेई विजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह विद्युत टीम के साथ चेकिग के लिए सोमवार को ग्राम परधनापुर गए हुए थे। आरोप है कि तभी गांव के निवासी श्यामवीर के अलावा दो दर्जन लोगों ने टीम के साथ अभद्रता की। जब उन्होंने विरोध किया तो ग्रामीणों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। आरोपितों द्वारा उनसे मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया गया। आरोपितों द्वारा दोबारा चेकिग को आने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
एसओ जसरथपुर अमरीश कुमार त्यागी ने बताया कि जेई विजय कुमार की तहरीर पर हमला, मोबाइल तोड़ने, जान से मारने की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला श्यामवीर समेत 25 लोगों के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।