
बिना मास्क लगा मां से की कोरोना से मुक्ति की कामना
एटा -बुधवार को चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप माता ब्रह्मचारिणी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। भक्तों ने मां ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना कर कोरोना से मुक्ति की कामना की।
शहर के सभी प्रमुख देवी मंदिरों में माता के भक्त एवं श्रद्धालु हवन पूजन कर दधाना करपद्माभ्यामक्षमालाकमण्डलू। देवी प्रसीदतु मयि ब्रह्मचारिण्यनुत्तमा॥ मंत्र का जाप करते रहे। मंदिरों में घंटे, घंटियों एवं शंख की ध्वनि माहौल को और अधिक भक्तिमय और मनोहारी बनाती रही।
नवरात्रि के दूसरे दिन शहर के प्रमुख काली माता मंदिर, पथवारी माता मंदिर, शीतला माता मंदिर, जनता दुर्गा मंदिर सहित गली मोहल्लों के सभी छोटे बडे मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मां ब्रह्मचारिणी की विधि-विधान से पूजा और अराधना की। श्रद्धालुओं ने माता का गंगाजल एवं दूध से जलाभिषेक किया। वहीं सुगागिन महिलाओं ने माता को चुनरी एवं शृंगार का सामान अर्पित किया।