
वैक्सीन लगवाने को जिला अस्पताल में उमड़ी भीड़
~जिले में केवल 11 केंद्रों पर हुआ टीकाकरण शहर में बनाए गए एक केंद्र पर उमड़े लोग~
एटा: कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही लोगों का वैक्सीन लगवाने के लिए रुझान बढ़ गया है। शनिवार को पूरे शहर में केवल जिला अस्पताल में एकमात्र टीकाकरण केंद्र संचालित हुआ। यहां भी दोपहर तक 120 लोगों को टीके लगाकर काम बंद कर दिया गया। वैक्सीन खत्म होने पर लोगों ने हंगामा किया और कर्मचारियों से कहासुनी भी हो गई। पुलिस ने पहुंचकर मामले को संभाला।
पिछले महीने तक कोरोना टीकाकरण को लेकर लोगों में विशेष उत्साह नहीं था। देहात क्षेत्र के कई केंद्रों की तो यह स्थिति थी कि दिनभर में 20-30 लोग ही टीके लगवाने आते थे। जबकि प्रत्येक केंद्र पर एक दिन में 120 लोगों को टीके लगाने की व्यवस्था की जाती है। पिछले सप्ताह से अचानक कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि हुई है तो लोगों को टीकाकरण का महत्व भी समझ आने लगा है। साथ ही एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। ऐसे में केंद्रों पर टीके लगवाने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। विभाग के पास उपलब्ध वैक्सीन का स्टाक खत्म होने लगा। शुक्रवार को जहां केंद्र काफी सीमित कर दिए गए। वहीं शनिवार को शहर में केवल एक ही केंद्र पर वैक्सीन लगाई गई। यहां वैक्सीन लगवाने के लिए सुबह से ही खासी भीड़ जुट गई। लोग जल्द से जल्द टीका लगवाने को उतावले थे। दोपहर होते-होते निर्धारित 120 लोगों को टीके लगवा दिए गए, लेकिन लोगों के पहुंचने का सिलसिला नहीं थमा। वैक्सीन खत्म होने की बात सुनते ही यह लोग गुस्से में आ गए और हंगामा करते हुए कर्मचारियों से उलझने लगे। हालात बिगड़ते देख पुलिस बुलानी पड़ी।
वैक्सीन की मांग शासन को पूर्व में ही भेजी जा चुकी थी, लेकिन इसके मिलने में कुछ देरी हुई। 14 हजार डोज मिली हैं। सोमवार से पूरी क्षमता के साथ सभी निर्धारित केंद्रों पर टीकाकरण कराया जाएगा।
- डा. अरविद कुमार गर्ग, सीएमओ