
जलेसर में बालू, चंबल से लदे सात ट्रक सीज:
एटा – जलेसर से होकर गुजर रहे बालू, चंबल से लदे सात ट्रकों को एसडीएम द्वारा सीज करा दिया गया। इनमें से कुछ ट्रकों में अवैध खनन कर लाई गई मिट्टी भरी थी।
जलेसर क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें निरंतर प्रशासनिक अधिकारियों को मिल रही थीं। सूचना पर एसडीएम एसपी वर्मा ने जलेसर-आगरा रोड पर नाकेबंदी कर छापा मारा। वहां से गुजर रहे सात ट्रकों को रोक लिया। ट्रक चालकों से जब बिल्टी व अन्य कागजात मांगे तो कोई भी अभिलेख संतोषजनक नहीं पाया गया। कुछ ट्रकों में बालू व चंबल भरी हुई थी, लेकिन वह क्षमता एवं मात्रा से अधिक निकली। सभी ट्रक ओवरलोड थे। इस वजह से उन्हें सीज कर दिया। एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र से होकर ओवरलोड वाहनों के गुजरने की सूचना मिल रही थी। शुक्रवार को जब चेकिग की गई तो कई ट्रक ओवरलोड मिले। इनमें भरी हुई मिट्टी अवैध खनन की होने की संभावना है, इसकी जांच की जा रही है। पुष्टि होने पर जिसने भी अवैध खनन कराया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।