
चौथे चरण में 45 से अधिक उम्र वालों को लगा कोविड का टीका
-हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर को भी बनाया गया टीकाकरण केंद्र
एटा
जनपद में चौथे चरण का टीकाकरण प्रारंभ हो चुका है। चौथे चरण में 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले सभी व्यक्तियों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। गुरुवार को 57 कोविड-19 टीकाकरण केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। जनपद में चौथे चरण में टीकाकरण के लिए हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर्स को भी टीकाकरण केंद्र बनाया गया है ताकि ग्रामीण क्षेत्र में भी टीकाकरण की गति को बढ़ाया जा सके।
जिलाधिकारी डॉ विभा चहल ने बताया कि जनपद में प्रति सप्ताह 31800 टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सभी पात्र लाभार्थी अपने आधार कार्ड लेकर नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर पहुंचे व टीका लगवाएं। टीकाकरण प्रतिदिन प्रातः नौ बजे से शाम पांच बजे तक किया जाएगा । यह टीकाकरण बिल्कुल निशुल्क किया जाएगा।उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है | उन्होंने भी वैक्सीन लगवाई है।उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। अतः मास्क पहनें, दो गज दूरी बनाए रखें व कोरोना के अनुरूप नियमों का पालन करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अरविंद कुमार गर्ग ने कहा कि लोगों को कोरोना के खिलाफ चल रही इस वैक्सीनेशन ड्राइव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की आवश्यकता है जिससे हम कोरोना का हरा सकेंगे। टीका लगवा कर हम स्वयं को प्रतिरक्षित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में 1 अप्रैल से प्रारंभ हुए टीकाकरण के चौथे चरण के पहले दिनकुल 57 टीकाकरण केंद्रों पर लोगों का टीकाकरण किया गया। इन टीकाकरण केंद्रों में 16 हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर्स भी शामिल हैं ।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ राम सिंह ने बताया कि जनपद में सप्ताह के 6 दिन (रविवार को छोड़कर सभी दिन) टीकाकरण किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाकर प्रतिरक्षित किया जा सके। लोगों से अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में टीकाकरण केंद्र पहुंचकर वैक्सीनेशन करवाएं।। उन्होंने बताया कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति,प्रथम, द्वितीय व तृतीय राउंड में छूटे हुए व्यक्ति टीकाकरण केंद्र पर पहुंचकर अपना टीकाकरण करा सकते हैं।
डीआईओ ने बताया कि सभी टीकाकरण केंद्रों पर कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज भी लगाई जा रही है। जिन व्यक्तियों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगवानी है वह भी टीकाकरण केंद्र पहुंचकर वैक्सीन लगवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि कोविशील्ड वैक्सीन के लिए दो डोज़ के बीच का अंतराल जो पहले 4 से 6 हफ्ते था, अब बढ़ाकर 4 से 8 हफ्ते कर दिया गया है। फिर भी कोरोना वायरस के खिलाफ अधिकतम प्रतिरक्षा पाने के लिए 6 से 8 हफ्तों के बीच ही दूसरी डोज़ लगवाना ज़रूरी होगा । 8 सप्ताह के बाद दूसरी डोज़ लेने से वायरस से सम्पूर्ण बचाव संभव नहीं होगा। कोवैक्सीन के लिए दो डोज के बीच का अंतराल 4 से 6 हफ्ते ही हैं।