लखनऊ में दिनदहाड़े हत्या से सनसनी

लखनऊ में दिनदहाड़े हत्या से सनसनी उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार 31 मार्च 2021 की दोपहर में व्यवसायी डॉ. हर्ष अग्रवाल की पत्नी की दिनदहाड़े उन्हीं के घर में हत्या कर दी गयी। हत्या की वारदात को उनके घर में फर्नीचन बनाने का काम कर रहे कारपेंटर ने की। पुलिस ने हत्यारे कारपेंटर को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक गोमतीनगर के विश्वास खंड 1/39 में बुधवार दोपहर में व्यापारी डॉ. हर्ष अग्रवाल की पत्नी रुचि की हत्या कर दी गई। जानकारी मुताबिक घर में ढ़ाई माह से काम कर रहे कारपेंटर ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपित कारपेंटर गुलफाम रुचि से रुपये मांग रहा था। रुचि के इंकार करने पर उसने बेटी वामिका को बंधक बना लिया और उसके गले पर हथियार रख दिया। रुचि ने विरोध किया तो धारदार हथियार से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। डॉ. हर्ष अग्रवाल गणेशगंज और ट्रांसपोर्ट नगर में इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर (आइटीसी) लिमिटेड कंपनी की सामग्री का थोक व्यापार करते हैं। करीब चार माह पहले वह गणेशगंज स्थित आवास से विश्वास खंड रहने आए थे। घर में फर्नीचर का काम चल रहा था। हर्ष अग्रवाल ने ठेकेदार कमरुद्दीन की मदद से कारपेंटर को काम पर रखा था। रिश्तेदार नरेश अग्रवाल के मुताबिक बुधवार को घर पर रुचि, उनकी बेटी प्रियांशी, वामिका, नौकर नंदलाल और कारपेंटर गुलफाम और उसका एक हेल्पर घर में मौजूद थे। गुलफाम द्वितीय तल स्थित रुचि के बेडरूम में गया था और उसने उनसे रुपयों की मांग की। रुचि ने उसे बाद में आने के लिए कहा, जिसपर वह नाराज हो गया और घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस घर में लगे सीसी कैमरे खंगाल रही है। एडीसीपी पूर्वी कासिम आब्दी के मुताबिक आरोपित गुलफाम को गिरफ्तार कर लिया गया है। फोन पर पति से बात कर रही थीं रुचि, तभी बोला हमला रुचि दोपहर में फोन पर पति से बात कर रही थीं। इसी बीच धारदार हथियार लेकर गुलफाम कमरे में दाखिल हो गया। यह देख रुचि की चीख निकल गई। पति के पूछने पर वह ज्यादा कुछ नहीं बता सकीं। इसके बाद हर्ष ने अपने परिवार के सदस्यों व मित्रों को फौरन घर पहुंचने के लिए कहा और खुद ट्रांसपोर्ट नगर से चल पड़े। पैसे दे दो नहीं तो मार डालूंगा गुलफाम के हाथ में हथियार देखकर रुचि डर गईं थी और उन्होंने उससे जो चाहिए ले जाने के लिए कहा। शोरगुल सुनकर वामिका और प्रियांशी कमरे में पहुंची तो भीतर का नजारा देखकर दंग रह गईं। रुचि ने शोर मचाकर बेटियों को भीतर कमरे में जाकर छिपने को कहा, लेकिन गुलफाम ने एक को दबोच लिया। आरोपित बार बार रुपयों की मांग कर रहा था और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोपित ने रुचि की बेटी के गले पर धारदार हथियार रख दिया था। बेटी को बचाने के लिए रुचि ने संघर्ष किया तो गुलफाम ने उनपर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। रुचि के चेहरे, सीने और पेट में आरोपित ने गई वार कर दिए। हमले में रुचि लहूलुहान हो गईं। इसके बाद आरोपित खून से सना हथियार लेकर नीचे पहुंचा, जिसे देखकर नंदलाल और नीचे काम कर रहे हेल्पर के होश उड़ गए। दोनों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। परिवारजन गंभीर अवस्था में घायल रुचि को लोहिया अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बचाव कर रहा डॉगी भी हमले में घायल रुचि गुलफाम से संघर्ष कर रही थीं। उन्होंने दोनों बेटियों को बचा लिया था। प्रियांशी और वामिका ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। रुचि की चीख सुनकर घर में मौजूद उनका डॉगी कमरे में दौड़ते हुए पहुंचा। डॉगी ने गुलफाम पर झपट्टा मारा, लेकिन आरोपित ने धारदार हथियार से उसपर भी हमला बोल दिया। हमले में डॉगी को गंभीर चोट आई है, जिसका इलाज चल रहा है। मां की हत्या और आरोपित से संघर्ष को देखकर प्रियांशी और वामिका सदमे में हैं। बुधवार देर शाम तक रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों का मजमा लगा रहा।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks