
WHO का दावा- कोरोना वुहान लैब नही बल्कि जंतुओं के जरिए मनुष्यों में फैला
कोरोना की उत्पत्ति का पता लगाने के लिये चीन का दौरा करने वाली विश्व स्वास्थ्य संगठन की टीम के अनुसार यह वायरस चमगादड़ से अन्य जंतुओं के जरिए मनुष्यों में फैला होगा. वुहान प्रयोगशाला से वायरस फैलने की आशंका बहुत कम है. समाचार एजेंसी एपी को प्राप्त हुई जांच टीम की मसौदा रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है.
हालांकि, जांच रिपोर्ट में उम्मीद के अनुसार कई सवालों के जवाब नहीं मिले हैं. टीम ने प्रयोगशाला से वायरस के लीक होने के पहलू को छोड़कर अन्य सभी पहलुओं पर आगे जांच करने का प्रस्ताव रखा है.
रिपोर्ट को जारी किए जाने में लगातार देरी हो रही है, जिससे सवाल उठ रहे हैं कि कहीं चीनी पक्ष जांच के निष्कर्ष को प्रभावित करने का प्रयास तो नहीं कर रहा, ताकि चीन पर कोरोना महामारी फैलने का दोष न मढ़ा जाए. विश्व स्वास्थ्य संगठन के एक अधिकारी ने पिछले सप्ताह के अंत में कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि टीम की रिपोर्ट अगले कुछ दिन में जारी कर दी जाएगी.