
दो व्यवसायियों की हादसे में मौत
~पिकअप चालक घायल हालत गंभीर अन्य दुर्घटनाओं में पांच लोग जख्मी~
एटा: अवागढ़ थाना क्षेत्र में ट्रक ने मैक्स पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में शाहजहांपुर जनपद के दो सब्जी व्यवसायियों की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हुआ है। उसे गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। अन्य दुर्घटनाओं में पांच जख्मी हुए हैं।
बुधवार रात 12 बजे शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद थाना क्षेत्र के मुहल्ला सदुल्लागंज निवासी 26 वर्षीय सब्जी व्यवसायी अरविद कुमार तथा ग्राम सुल्तानगंज निवासी 28 वर्षीय राजीव कुमार आगरा मंडी से मैक्स पिकअप में सब्जी भरकर लौट रहे थे। पिकअप को कलाम थाना क्षेत्र के ग्राम इमादपुर निवासी सतीश चला रहा था। जैसे ही पिकअप अवागढ़ थाना क्षेत्र में टूंडला रोड स्थित ग्राम चुरथरा के समीप पहुंची कि तभी सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। अरविद कुमार व राजीव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घायल चालक सकील की हालत चिताजनक देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया गया। अवागढ़ के इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार कुरील ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दूसरी घटना
बुधवार देर शाम बागवाला थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार ग्राम परसोंन निवासी अखिलेश कुमार तथा विक्रांत घायल हो गए। वहीं निधौलीकलां थाना क्षेत्र में हुई बाइकों की भिड़ंत में ग्राम जिटौली निवासी ओमकार तथा नगला ढिलाई निवासी राजेंद्र सिंह घायल हुए हैं। अन्य हादसे में जसरथपुर थाना क्षेत्र के ग्राम महाराजपुर निवासी विवेक कुमार घायल हुआ है।