महिला मित्र ने फेसबुक पर सोने की धातु का दिया लालच,फिर ठग लिए 10 लाख रुपये

महिला मित्र ने फेसबुक पर सोने की धातु का दिया लालच,फिर ठग लिए 10 लाख रुपये

जोधपुर
सोशल मीडिया ठगी का अड्डा बनता जा रहा है। इंटरनेट की दुनिया में इस व्यापक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर ठग मासूम लोगों को ऑनलाइन लूटने का एक भी मौका नहीं छोड़ते। ऐसी ही ऑनलाइन ठगी की एक घटना जोधपुर में भी हुई, जहां एक शख्स से 10 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। यह मामला जोधपुर के संजय कॉलोनी का है। पुलिस ने बताया कि यहां के रहने वाले रिटायर्ड फौजी खिवसिंह की कुछ दिनों पहले फेसबुक पर प्रियंका नाम की महिला से जान- पहचान हुई। इसके बाद दोनों के बीच फेसबुक के जरिये ही दोस्ती बढ़ गई।
सोने की धातु का दिया लालच
पुलिस को खिवसिंह ने बताया कि एक दिन फेसबुक पर बातचीत के दौरान ही प्रियंका ने उनसे कहा कि उसके चाचा रेत का काम करते हैं। उन्हें काम करते वक्त एक चमकीली धातु मिली, जिसकी जांच करवाई तो पता चला कि वह धातु सोना है। प्रियंका ने खिवसिंह से आगे कहा, ‘हमें डर लग रहा है कि यह सोना हमसे कोई लूट लेगा या चोरी कर लेगा तो आप यह सोना ले लो, हम आपको सस्ते में दे देंगे।’ खिवसिंह के अनुसार, वह असम के बरपेटा पहुंचा, जहां से प्रियंका उसे गुवाहाटी के रास्ते अपने गांव ले गई। गांव में उसे प्रियंका का चाचा मिला जो कि गूंगा था। उसने सोने की धातु का एक टुकड़ा काटकर खिवसिंह को दे दिया।
10 लाख में हुई डील
सोने का टुकड़ा लेकर खिवसिंह जोधपुर लौटा और उसने सुनार से इसकी जांच करवाई। सुनार ने उसे बताया कि यह असली सोना है। इसके कुछ दिन बाद प्रियंका का फोन आया तो उसने कहा कि दो किलो 300 ग्राम सोने का दाम मेरे चाचा 20 लाख मांग रहे हैं, लेकिन आपको 10 लाख में दे देंगे। इसके बाद 11 फरवरी को खिवसिंह असम गया और 10 लाख रुपये दे आया और वह धातु ले आया। उस धातु की जब सुनार से जांच करवाई तो पता चला कि यह सोना नहीं है। इसके बाद खिवसिंह ने प्रियंका के सभी नंबर पर संपर्क किया तो फोन बंद मिला। ऐसे में उन्होंने प्रतापनगर थाने में अपने साथ हुई ठगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। थाने के उपनिरीक्षक रामकृष्ण ताडा का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks