मुरादाबाद। बुलेट या अन्य किसी बाइक से पटाखे जैसी आवाज छोड़ने वाले ‘बुलेट राजा सावधान हो जाएं। जिले में पुलिस को अब ऐसे बुलेट चलाने वालों की तलाश है। अगर कोई बुलेट या किसी अन्य बाइक से पटाखे छोड़ता पाया गया तो बाइक जब्त कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। या फिर पांच हजार रुपए का मौके पर ही चालान किया जाएगा। रविवार को पुलिस ने पुलिस लिखी बुलेट बाइक समेत करीब बीस गाड़ियों का चालान करते हुए पांच-पांच हजार रुपए का चालान काटने की कार्रवाई की। दोबारा बाइक से पटाखा चलता मिलने पर सीधे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
जिले में इन दिनों अपनी बाइक में पटाखे जैसी आवाज निकलने वाले साइलेंसर लगावाकर युवा लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। लोग अचानक हुई इस तेज आवाज से डर जाते हैं। इसकी आवाज गोली की तरह सुनाई देती है। ये लोग पटाखा छोड़कर लोगों का ध्यान अचानक अपनी ओर खींचते हैं। इसके कारण अन्य वाहन चालक, बच्चे और आसपास से गुजरने वाले लोग डर जाते हैं। इसके कारण हादसे की भी आशंका रहती है। पटाखा छोड़ने के लिए साइलेंसर में खास उपकरण लगाते हैं। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि शहर में बुलेट से पटाखा फोड़ने की शिकायतें आ रही हैं। इन शिकायतों को देखते हुए सभी कोतवाली प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने एरिया में इस तरह की हरकत करने वालों की बाइक जब्त करें और कार्रवाई करें। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह ऐसा न करें। साथ ही अगर कोई ऐसा काम कर रहा है तो उसकी विडियो बनाकर संबंधित थाने में या एसएचओ को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। विडियो में वाहन का नंबर आसानी से दिखाई देना चाहिए और पटाखे की आवाज सुनाई देनी चाहिए। रविवार को ट्रैफिक इंस्पेक्टर पवन कुमार त्यागी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कांठ रोड पर और बस स्टैंड के पास पुलिस लिखी बुलेट बाइक से पटाखा फोड़े जा रहे थे। पुलिस ने रंगे हाथ बीस से अधिक बुलेट बाइक का चालान किया। ट्रैफिक इंस्पेक्टर पवन कुमार त्यागी ने बताया कि यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। बुलेट बाइक से पटाखा छोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।