*आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न*
—————————— —————————–
*डीएम, एसएसपी ने शांति एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की*
—————————— —————————–
*संपूर्ण जनपद में साफ-सफाई, विद्युत, जलापूर्ति की व्यवस्था प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाए*
—————————— —————————–
एटा। आगामी होली, शब-ए-बारात त्यौहार को दृष्टिगत जनपद भर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिलेभर के संभ्रांत नागरिकों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। जिला मजिस्ट्रेट डॉ0 विभा चहल ने कहा कि आगामी त्योहारो को दृष्टिगत रखते हुए संपूर्ण जनपद में विशेष सतर्कता बरती जाए। होलिका दहन वाले स्थानों का एक बार पुनः निरीक्षण करके चेक कर लें जिससे कि वहां होली त्योहार के दिन किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। संपूर्ण जनपद में साफ-सफाई विद्युत एवं जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। शांति और सौहार्द की मिशाल कायम रखते हुए परंपरागत तरीके से त्योहारों को मनाया जाए।
*एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि* आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में कड़ी सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नही किया जाएगा, माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
*एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्रा ने कहा कि* जनपद में 1889 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। धारा 144 भी संपूर्ण जनपद में लागू है, किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान जिलेभर से आए संभ्रांत नागरिकों द्वारा अपने अपने सुझाव प्रस्तुत किए जाएं।
*एएसपी राहुल कुमार ने बताया कि* जनसामान्य को बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से कन्ट्रोलरूम की स्थापना की गई। कन्ट्रोलरूम नम्बर 7839854377 पर जनसामान्य द्वारा अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है अथवा किसी भी प्रकार की सूचना दी जा सकती है।
*इस अवसर पर* एएसपी ओपी सिंह, एएसपी राहुल कुमार, एसडीएम सदर अबुल कलाम, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं चैयरमेन महेश पाल सिंह, परवेज जुबैरी, जहीर अहमद सहित जिलेभर से आए संभ्रांत नागरिक आदि मौजूद रहे।