
मोबाइल वैन के माध्यम से मिलावटखोरी के प्रति जागरूक करते खाद्य विभाग के अधिकारी।
-त्योहार पर मिलावटखोरी रोकने को जागरूक कर रहा विभाग
-आगामी 20 मार्च को पटियाली में दुकानदारों को किया जाएगा जागरूक
कासगंज। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद में त्योहार को लेकर दुकानदारों को खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए मोबाइल वैन का प्रयोग किया जा रहा है। गुरुवार को टीम ने जागरूकता अभियान के साथ ही 41 खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए। जिनमें से छह नमूने फेल हो गए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी नादिर अली ने बताया कि गुरुवार को सहावर एसडीएम शिव कुमार सिंह ने मोबाइल वैन को रवाना किया। मोबाइल वैन ने तुलसा गेस्ट हाउस रेलवे स्टेशन रोड सहावर पर मिलावट के प्रति जागरूक किया। खाद्य पदार्थ, दूध, दूध से निर्मित पदार्थ, खाद्य मसाले, तेल आदि के 41 नमूने लेकर उसकी जांच की गई। जिसमें 35 नमूने पास व छह फेल हो गए। उन्होंने बताया कि कारोबारियों के साथ ही आम लोगों ने भी अपने खाद्य पदार्थों की जांच कराई। उन्होंने बताया कि आगामी 20 मार्च को पटियाली कस्बा में वैन के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार द्विवेदी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाषचंद्र सोनकर, विजय प्रकाश, कनिष्ठ सहायक कीर्तिमान राठौर मौजूद रहे।