
एटा। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन, मारहरा विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी, जिलाधिकारी डा0 विभा चहल, एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने कार्यक्रम का विधिवित मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के समस्त विद्यालयों में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी डा0 विभा चहल ने कहा कि महिलाओं द्वारा अपने घर के साथ-साथ अन्य स्थानों पर भी कार्य करते हुए विशेष योगदान किया जाता है। आशा, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकत्री सहित अन्य महिला कर्मचारियों द्वारा अपने घर पर कार्य करने के उपरान्त ग्रामीण क्षेत्र में अपनी सेवाएं दी जाती हैं, जो कि काफी सराहनीय कार्य है।
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने महिला दिवस के अवसर पर मौजूद मातृ शक्ति को बधाई देते हुए कहा कि बालिकाओं, महिलाओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार के हेल्पलाईन नम्बर जारी किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर या असुरक्षा महसूस करने पर महिलाओं, बालिकाओं द्वारा इन नम्बर का प्रयोग किया जाए। थाना स्तर पर महिला हेल्पडेस्क का भी शासन के निर्देशानुसार संचालन किया जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन, मारहरा विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी, काॅपरेटिव चैयरमैन भूपेन्द्र सिंह ने भी अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में महिलाओं को पूर्ण सुरक्षा दी जा रही है। महिलाओं को सरकार में सम्मान भी मिल रहा है, तो वहीं महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़कर आत्म निर्भर भी बनाया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी अजय प्रकाश ने कहा कि नारी लक्ष्मी का स्वरूप हैं, अतः हमें लड़का एवं लड़की में कोई भेदभाव नहीं करना चाहिए और ना ही एक दूसरे कमतर आंकना चाहिए। महिला एवं पुरूषों को बराबर समझा जाएं, एक दूसरे का सम्मान होना चाहिए। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली महिलाओं, बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में डीएम द्वारा मौजूद अतिथियों, अधिकारियों, मातृ शक्ति को शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान विभिन्न छात्राओं, शिक्षिकाओं, महिलाओं, बालिकाओं द्वारा कार्यक्रमों की प्रस्तुती दी गई।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह, पीडीडीआरडीए निर्मल कुमार द्विवेदी, एआरटीओ हेमचन्द गौतम, प्राचार्य डायट जितेन्द्र सिंह, डीआईओएस मिथलेश कुमार, बीएसए संजय सिंह, डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी, डीसी मनरेगा प्रतिमा निमेश, डीएसटीओ रेखा शर्मा, समाज कल्याण अधिकारी रश्मी यादव आदि समस्त अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि, भारी संख्या में महिलाएं, बालिकाएं, शिक्षिकाएं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां आदि मौजूद रहे।