
CM गहलोत से मिले गोरखपुर के चर्चित डॉक्टर कफील खान, उत्पीड़न के खिलाफ मांगी मदद
मुख्यमंत्री योगी के शहर गोरखपुर के चर्चित डॉक्टर कफील खान एक बार फिर से सुर्खियों में हैं. उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की है. डॉ. कफील ने सीएम के आवास पर जाकर राजस्थान सरकार को स्वास्थ्य बजट पर 3500 करोड़ रुपये के बजट पारित करने पर बधाई दी. वहीं मुख्यमंत्री गहलोत ने स्वास्थ्य क्षेत्र की बेहतरी के लिए डॉक्टर कफील के अनुभव का सदुपयोग करने की इच्छा जताई और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उनके उत्पीड़न के खिलाफ उनके संघर्ष में पूरी मदद का आश्वासन दिया. मुलाकात के दौरान डॉ. कफील ने सीएम को स्वास्थ्य के मौलिक अधिकारों पर एक पुस्तक भी सौंपी.
इससे पहले गोरखपुर शहर के राजघाट थाने की पुलिस ने डॉ. कफील खान की हिस्ट्रीशीट खोल दी है. गौरतलब है कि भड़काऊ भाषण देने के आरोप में पूर्व में डॉ. कफील खान पर रासुका के तहत कार्रवाई की गई थी, जिसमें कफील 8 महीने तक मथुरा जेल में बंद रहे थे. बता दें कि बीआरडी मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी से हुई मौत मामले में डॉ कफील का नाम आया था और बाद में सीएए विरोधी प्रदर्शनों में भी उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था.