
अब MP में BJP संगठन के सभी दफ्तर होंगे पेपरलेस, पार्टी बन रही आत्मनिर्भर
BJP ने आइडियल एमपी के लिए अब खुद को अपग्रेड करने की तैयारी कर ली है. संसद में पेपर लेस बजट के बाद अब एमपी में बीजेपी के सभी दफ्तर पेपर लेस होंगे. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने कहा केंद्र सरकार ने संसद में पेपरलेस बजट पेश कर उदाहरण पेश किया है. उसी तर्ज पर पार्टी अपने सभी दफ्तरों को पेपर लेस करेगी. इसके लिए पार्टी दफ्तरों को अपग्रेड किया जाएगा.
एमपी को संगठन के तौर पर नंबर वन स्टेट बनाने के लिए पार्टी अपने को अपग्रेड करने की तैयारी में है. वीडी शर्मा ने कहा नगरीय निकाय चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार हैं. बीजेपी हमेशा विपक्ष को चुनाव में चुनौती मानती है. उस चुनौती से निपटने के लिए पार्टी का कार्यकर्ता पूरे समय तैयार रहता है.
नगरीय निकाय चुनाव के लिए बूथ से लेकर मंडल स्तर तक के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ लड़ने के लिए तैयार हैं. पिछले नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की थी और इसे दोहराने के लिए पार्टी का कार्यकर्ता बूथ स्तर तक मजबूती के साथ चुनाव लड़ने के लिए तैयार है. प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी गरीब कल्याण की योजनाओं के सहारे उतरेगी. उज्जैन में पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में पार्टी नेताओं को पार्टी के बाहर चाणक्यगिरी दिखाने की बात पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा पार्टी के अंदर मतभेद हो सकते हैं. लेकिन पार्टी टीम स्प्रिट के साथ आगे बढ़ रही है. कार्यकर्ता सामूहिक नेतृत्व के आधार पर काम कर रहे हैं. आने वाले समय में एमपी पूरे देश में पार्टी स्तर पर नंबर वन आइडियल स्टेट बनेगा.