
लालू यादव को फिर झटका, नहीं मिली बेल
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को एक बार फिर झटका लगा है. चारा घोटाले के दुमका कोषागार मामले में उन्हें बेल नहीं मिली. आज जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 19 फरवरी की तारीख मुकर्रर कर दी है.
चारा घोटाले से जुड़े दुमका ट्रेजरी अवैध निकासी मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव महीनों से जेल में बंद हैं. जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ लालू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई की. इस मामले में पिछली सुनवाई के दौरान लालू प्रसाद की ओर से सीबीआई कोर्ट के फैसले की प्रति हाईकोर्ट के समक्ष रखी गई थी. इसके बाद सीबीआई कोर्ट से अतिरिक्त वक्त मांगा था, जिसे स्वीकार कर लिया गया था. इस बार भी उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई टल गई है.