
म्यांमार में तख्तापलट के बाद सेना प्रमुख ने अपने हाथों में ली सत्ता की कमान, किया बड़ा ऐलान
म्यांमार की सेना ने सोमवार को देश की सर्वोच्च नेता आंग सान सू की समेत सत्ताधारी पार्टी नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) के तमाम नेताओं को गिरफ्तार कर सत्ता अपने हाथ में ले ली है. म्यांमार की सेना ने एक साल की इमरजेंसी का ऐलान करते हुए सैन्य प्रमुख मिन आंग लाइंग को सत्ता सौंप दी है. सेना ने तख्तापलट करने के बाद ऐलान किया है कि इमरजेंसी खत्म होने के बाद वो देश में उचित और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराएगी और चुनाव में जीत हासिल करने वाली पार्टी को सत्ता हस्तांतरित कर दी जाएगी.
पिछले कुछ दिनों से ही सेना और सरकार के बीच टकराव बढ़ता नजर आ रहा था. सेना लगातार चुनाव में धांधली का आरोप लगा रही थी. इस बात के भी कयास लगाए जा रहे थे कि म्यांमार की सेना तख्तापलट करने की कोशिश कर सकती है. सोमवार सुबह ये सारे कयास सच साबित हो गए जब आंग सान सू की समेत एनएलडी के तमाम नेताओं को सेना ने गिरफ्तार कर लिया.
एलएनडी नेताओं को गिरफ्तार करने के बाद म्यांमार की सेना यंगून में तैनात रही. इस दौरान टीवी चैनल ऑफ एयर हो गए और यंगून समेत कई मुख्य इलाकों में मोबाइल और इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई. तख्तापलट की खबरें सुनते ही अफरा-तफरी मच गई और लोग सामान जमा करने और एटीएम से पैसे निकालने के लिए बाजार की तरफ दौड़ने लगे. खराब इंटरनेट सेवाओं के चलते बैंकों की सेवाएं भी बाधित रहीं.