IAF की ताकत में हुआ और इजाफा, भारत आया 3 राफेल विमान

भारतीय वायुसेना की ताकत में बड़ा इजाफा हुआ है, क्योंकि फ्रांस से 2 और राफेल लड़ाकू विमान स्वदेश पहुंच गए हैं. 3 नए राफेल विमान फ्रांस से नॉन-स्टॉप उड़ान भरते हुए भारत पहुंचे हैं. इन राफेल विमानों ने लगातार उड़ान भरते हुए 7000 किलोमीटर की दूरी तय की और बीच रास्ते हवा में ईंधन भरा. इन विमानों ने फ्रांस के इस्त्रे एयर बेस से उड़ान भरी.
इन विमानों को संयुक्त अरब अमीरात ने MRTT द्वारा हवा में ईंधन उपलब्ध कराया. इस संबंध में फ्रांस स्थित भारतीय दूतावास के हवाले से ANI ने जानकारी दी. भारतीय वायुसेना ने राफेल विमानों को बीच रास्ते में टैंकर सपोर्ट देने के लिए यूएई का आभार जताया है. राफेल विमानों का ये बैच फ्रांस से खरीदे गए राफेल विमानों की डिलिवरी का तीसरा सेट है. भारतीय वायुसेना ने 36 राफेल विमान फ्रांस से 59 हजार करोड़ में सितंबर 2016 में खरीदे. 3 नए विमानों के आने के बाद भारत के पास 11 राफेल विमान हो जाएंगे.
3 राफेल विमानों का दूसरा सेट नवंबर की शुरुआत में गुजरात के जामनगर पहुंचे थे, उसके बाद वे अपने होम बेस अंबाला पहुंचे थे. 5 राफेल विमानों का पहला सेट 29 जुलाई को अंबाला एयर बेस पहुंचा था. इन 5 विमानों को बाद में औपचारिक तौर पर भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था, कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए थे. रक्षामंत्री के साथ फ्रांस की रक्षामंत्री फ्लोरेंस, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत और एयर फोर्स चीफ आरकेएस भदौरिया भी शामिल हुए थे.