मेरठ में महिला की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या

मेरठ में जानी थाना क्षेत्र के गांव कलंजरी में आज एक महिला की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हत्या का शक एक मांगने वाले युवक पर जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। बताया गया कि गांव कलंजरी निवासी राजू राजस्थान में ठेकेदारी का काम करता है। घर पर उसकी 45 वर्षीय पत्नी कुमुद सुबह अकेली थी। उसके दो बच्चे शैली और आशु सुबह नौ बजे स्कूल चले गए। करीब 11 बजे कुमुद का देवर दीपक किसी काम से घर आया। घर का दरवाजा बाहर से बंद था। दीपक दरवाजा खोल कर घर में घुसा तो बरामदे में महिला खून से लथपथ मृत पड़ी थी। इसके अलावा घर के कमरे में रखी सेफ का सामान फर्श पर फैला पड़ा था। महिला के गले में चाकू के गहरे निशान मिले हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सुबह 10 बजे के करीब एक मांगने वाला युवक घर में गया था। उसी युवक पर हत्या किए जाने का शक किया जा रहा है।
वहीं घटना की जानकारी लगने पर एसपी देहात केशव कुमार भी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी देहात ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।