ब्रिटेन से आए 2 लोग पाए गए कोरोना पॉजिटिव, बिना बताए एक गया जालंधर तो दूसरा आंध्र प्रदेश

ब्रिटेन में सामने आए कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के कारण दुनिया भर में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है. कई देशों ने तो ब्रिटेन आने-जाने वाली फ्लाइट पर भी प्रतिबंध लगा दिया है. भारत में भी ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर जारी किया गया है. लेकिन इसके बावजूद लापरवाही सामने आ रही है.
जानकारी के अनुसार कोरोना संक्रमितों में से एक अमृतसर के पंडोरी गांव का एक 46 वर्षीय व्यक्ति था. वह बिना किसी को भनक लगे दिल्ली एयरपोर्ट से निकल गया और जालंधर में जाकर उसने निजी अस्पताल में अपना चेकअप कराया. लुधियाना के अतिरिक्त पुलिस कमिशनर संदीप कुमार ने बताया कि मरीज को कल सुबह दिल्ली वापस भेज दिया गया था. उनके अंदर कोरोना के संक्रमण के बारे में अभी भी ज्यादा जानकारी नहीं है.
पंजाब के एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि एक बड़ी चूक थी, क्योंकि व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव होने के बाद भी यात्रा करने में कामयाब रहा. उन्होंने कहा- कोरोना मरीज अमृतसर से है, लेकिन लुधियाना में उसका भतीजा एक अस्पताल में काम करता है और उन्होंने यहां भर्ती होने का फैसला किया. मंगलवार शाम 4.30 बजे के आसपास हमें दिल्ली में अधिकारियों का फोन आया कि पंजाब का एक व्यक्ति गायब हो गया है. प्रोटोकॉल के अनुसार, हमने उसकी तलाश शुरू कर दी. शाम को लगभग 5.30 बजे, वह अपनी पत्नी के साथ फोर्टिस अस्पताल पहुंचा. पत्नी भी ब्रिटेन से साथ आई थी.