पुलिस प्रशासन लॉक डाउन कर पालन कराने के लिए पूरी सख़्ती पर उतर आया है l बुधवार को पूरी तरह से सील नगर के मुख्य बाजार में बड़ी संख्या में फुटकर दुकानदार जा पहुंचे। सामान खरीदने के लिए दुकानों पर भीड़ लग गई l मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर उन्हें दूर तक दौड़ा लिया lकोतवाली पुलिस बुधवार की सुबह नगर के मुख्य बाजार में पहुंची तो देखा कि थोक की दुकानों पर भारी भीड़ एकत्र है l पुलिस ने सड़क पर लाठियां फटकार कर भीड़ को दौड़ा लिया। यहां बता दें कि कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लॉक डाउन का पालन कराने के लिए कटिबद्ध नजर आ रही है।
बुधवार को पूरा शहर सील होने के बावजूद नगर के मुख्य बाजार में थोक की किराना और कंफेक्शनरी की दुकानों पर गली मोहल्ला के फुटकर दुकानदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जबकि पुलिस प्रशासन की बैठक में व्यापारियों से कहा था कि कॉल करने पर थोक विक्रेता फुटकर दुकानदारों को अपने वाहनों से सामान पहुंचाएंगे। मुख्य बाजार की दुकानें बिल्कुल नहीं खोली जाएंगी। कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र सिंह पंवार ने बताया कि लॉक डाउन का पालन न करने पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। बाजारों में दुकान खोलने वाले व्यापारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।