डीएम, एसएसपी ने जनपद कारागार का किया औचक निरीक्षण

एटा। डीएम सुखलाल भारती, एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से शासन के निर्देशों के अनुपालन में रविवार को अपरान्ह में जनपद कारागार पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान कारागार में जेल अधीक्षक पीपी सिंह को निर्देश दिए कि बढ़ते कोरोना संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए समय-समय पर कोविड-19 की जांच अवश्य कराई जाएं। जांच के उपरान्त शासन की मंशानुरूप कोरोना संक्रमित बंदियों को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाएं।
डीएम, एसएसपी ने इस दौरान कारागार में भ्रमण कर साफ सफाई का भी जायजा लिया, साथ ही जनपद कारागार को समय-समय पर सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं हैं, कारागार में निरूद्ध सभी बंदी नियमित रूप से मास्क का प्रयोग करें, साथ ही सामाजिक दूरी का भी पालन करें। इसके अलावा बंदियों गुणवत्तापूर्ण खाना दिया जाए, साथ ही यदि किसी बंदी को स्वास्थ्य संबंधी समस्या है तो तत्काल उसको स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई जाए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह, क्षेत्राधिकारी देव आनंद, क्षेत्राधिकारी इरफान नासिर खान, राजकुमार सिंह, कोतवाली नगर प्रभारी अशोक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।