बिहार चुनाव और उपचुनावों में हार के बाद सोनिया गांधी की सलाहकार समिति की बैठक आज

बिहार विधानसभा चुनाव और उपचुनावों में हार के बाद आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की सलाहकार समिति की बैठक होने जा रही है. मिली जानकारी के मुताबिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शाम 5 बजे बैठक होगी लेकिन इसका एजेंडा साफ नहीं है. यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब चुनावों में हार के बाद कांग्रेस में समीक्षा का मुद्दा गरमाया हुआ है.
पार्टी में सुधार की मांग को लेकर कुछ महीनों पहले सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखने वाले कांग्रेस के 23 नेताओं में से एक कपिल सिब्बल ने नए सिरे से हार की समीक्षा की मांग कर दी है जिसके बाद वो कांग्रेस के तमाम नेताओं के निशाने पर आ गए हैं. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से लेकर दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी सिब्बल को नसीहत दे रहे हैं.