चीन पर राजनाथ सिंह ने कांग्रेस को दिया जवाब, कहा- सब खुलासा कर दूंगा तो चेहरा दिखाना मुश्किल हो जाएगा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पटना में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला. राजनाथ ने चीन पर कांग्रेस को कड़ा जवाब दिया. उन्होंने कहा कि हमारी सेना के जवानों के पराक्रम पर सवाल उठाया जा रहा है. कहा जा रहा है कि चीन ने 1200 वर्ग किमी जमीन पर कब्जा कर लिया. कांग्रेस को जवाब देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि मैं अगर सब खुलासा कर दूंगा, तो उनका चेहरा दिखाना मुश्किल हो जाएगा.
जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं द्वारा हमारी सेना के जवानों के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाया जा रहा है. कहा जा रहा है कि चीन ने 1200 वर्ग मीटर जमीन पर कब्जा कर लिया. मैं खुलासा कर दूंगा तो चेहरा दिखाना मुश्किल हो जाएगा. राजनाथ ने कहा कि 1962 से अब तक का इतिहास उठाकर देख लीजिए. रक्षा मंत्री होने के नाते मैं सीना ठोककर कहना चाहता हूं सेना के जवानों ने जो शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया है उससे देश का मस्तक गर्व से ऊंचा हो गया.
राजनाथ सिंह ने कहा कि पुलवामा की घटना के बाद ये लोग तरह तरह की बातें कर रहे थे. पाकिस्तान की असेंबली में खड़े होकर वहां का मंत्री कह रहा है कि पुलवामा की घटना वहां की सरकार की शह पर हुई. मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि वे अब क्यों नहीं बोलते? वे चुप क्यों हैं?