गोवा के डिप्टी सीएम के फोन से भेजा गया अश्लील मैसेज, बोले- सो रहा था तो किसी ने फोन हैक कर लिया
गोवा के उपमुख्यमंत्री चंद्रकांत कावलेकर ने सोमवार को साइबर पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराई जिसमें दावा किया गया कि उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया गया था और एक वॉट्सऐप ग्रुप में एक आपत्तिजनक क्लिप भेजी गई थी.

पणजी. गोवा के उपमुख्यमंत्री चंद्रकांत कावलेकर ने सोमवार को राज्य के साइबर सेल को दी गयी शिकायत में दावा किया है कि उनका मोबाइल फोन हैक करके उससे एक वॉट्सऐप ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो क्लिप भेजा गया है. उन्होंने कहा कि संदेश जिस वक्त भेजा गया था, वह सो रहे थे. कावलेकर ने इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
चंद्रकांत कावलेकर ने साइबर पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में कहा है, ‘यह क्लिप उनके फोन से वॉट्सऐप ग्रुप पर भेजी गई थी. कुछ असामाजिक तत्वो’ ने ‘Villages of Goa’ नाम के एक वॉट्सऐप समूह में अश्लील वीडियो भेजा था.’
कावलेकर के खिलाफ शिकायत
डिप्टी सीएम ने कहा, ‘वीडियो को सिर्फ एक ग्रुप में भेजा गया था. जिस समय यह संदेश भेजा गया मैं फोन के पास नहीं था. मैं जल्दी सो गया था. कुछ दिनों से मेरा नाम बदनाम करने और जनता के सामने मेरी गलत छवि पेश करने के लिए ऐसे कई प्रयास किए गए हैं।