पंचायत ने मुंह काला करने के बाद आरोपियों को 5-5 जूते मरवाकर छोड़ा, आहत पीड़ित ने किया सुसाइड

यूपी (अलीगढ़) : 17 साल की किशोरी के साथ ज्यादती; पंचायत ने मुंह काला करने के बाद आरोपियों को 5-5 जूते मरवाकर छोड़ा, आहत पीड़ित ने किया सुसाइड

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किशोरी के इज्जत की कीमत पंचायत ने महज पांच जूते आंकी। पंचायत ने दुष्कर्म के दो आरोपियों को पांच-पांच जूते मरवाए और उनका मुंह काला कर छोड़ दिया। लेकिन पंचायत के फरमान से दुखी होकर किशोरी ने घर आकर फांसी के फंदे से लटककर जान दे दी। यह मामला शनिवार का है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी मुनिराज ने कहा- पंचायत पर भी कार्रवाई होगी। पुलिस टीम बनाई गई है।

बताया जा रहा है कि दादों क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय किशोरी तीन दिन पहले 23 अप्रैल की सुबह शौच के लिए खेत गई थी। घर लौटते समय गांव के दो युवकों ने उसे दबोच लिया और खेत में खींच ले गए। दोनों आरोपियों ने किशोरी के साथ ज्यादती की। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि, ज्यादती करने वाले पांच आरोपी थे। वारदात के बाद किशोरी नग्नावस्था में ही घर पहुंची। जिसे देखकर घरवाले सन्न रह गए।

किशोरी ने रोते बिलखते हुए पूरी बात परिजनों को बताई। लेकिन मामला पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ लोग इसे दबाने में जुट गए। चूंकि पीड़ित व आरोपी पक्ष एक ही वर्ग थे, इसलिए सुलह समझौते का प्रयास शुरू हो गया। गांव में पंचायत बुलाई गई। किशोरी को भी बुलवाया गया। पंचों ने निर्णय लिया कि किशोरी दोनों को पांच-पांच चप्पल मारे। पंचों के सामने बेबस किशोरी ने ऐसा ही किया। फिर दोनों युवकों के मुंह काले करके भविष्य में ऐसा करने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

आरोप है कि, युवती पंचायत से लौटकर अपने घर जा रही थी, तभी ज्यादती करने वाले युवकों ने उसे रास्ते में रोककर जान से मारने की धमकी दी और फब्तियां कसी। आहत होकर किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। किसी ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी। तब पुलिस गांव में पहुंची और शव कब्जे में लिया।

एसएसपी मुनिराज का कहना है कि लड़की के आत्महत्या करने के बाद घटना की जानकारी हुई। पुलिस मौके पर गई। लड़की के साथ कुछ लड़कों ने गलत काम किया था, जिसके बाद कुछ लोगों ने गांव में पंचायत की। पंचायत के बाद लड़कों को छोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिन लोगों ने पंचायत की उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। मामले में टीम बना दी है। दोनों पक्ष एससी हैं।

About The Author

Team KNLS Live

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks