हरियाणा-पंजाब में पराली जलने से UP की हवा हुई जहरीली, लखनऊ में AQI 249 के खतरनाक स्तर पर

पंजाब और हरियाणा में जलाई जा रही पराली का असर राजधानी लखनऊ की हवा में भी दिखने लगा है. राजधानी की हवा जहरीली हो रही है. पश्चिम से आ रही हवा ने यहां की हवा में भी जहर घोलना शुरू कर दिया है. प्रदूषण के स्तर में अचानक वृद्धि से लोगों का सांस लेना दूभर हो रहा है. राजधानी की एयर क्वालिटी इंडेक्स यानि AQI 249 माइक्रोग्राम पहुंच गई है. केन्द्रीय प्रदूषण बोर्ड के मुताबिक 11 अक्टूबर को हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में थी. उस दिन एक्यूआई 209 माइक्रोग्राम रिकार्ड की गई थी. इसके बाद प्रदूषण का स्तर मध्यम श्रेणी में पहुंच गया था. लेकिन शनिवार को अचानक वृद्धि से आने वाले समय में और भी वृद्धि होने की आशंका व्यक्त की जा रही है.
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पश्चिम से आ रही हवा का असर है. इसमें अभी और वृद्धि होने से इनकार नहीं किया जा सकता है. डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए. खासकर सांस और अस्थमा के मरीजों के लिए यह हवा जानलेवा साबित हो सकती है. डॉक्टरों की सलाह है कि जितना हो सके सुबह और शाम के वक्त घरों में ही रहें.