कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को सुबह करीब 10:30 बजे दो मंजिल मकान की छत से गिरने के कारण 45 वर्षीय एक कबाड़ी की मौत मौके पर हो गई। स्वजनों की मांग पर पुलिस ने कबाड़ी का शव कब्जे में ले लिया है। कबाड़ी की मौत से उसके घर में कोहराम मचा है।
गलशहीद थाना क्षेत्र में असालतपुरा बकरी का हाता का रहने वाला इकरार कबाड़ी का काम करता था। बुधवार को सुबह वह कबाड़ खरीदने घर से निकला। सिटी कोतवाली क्षेत्र में वह मंडी चौक चौराहा गली में पहुंचा। वहां दो मंजिल मकान की छत पर चढ़कर वह कबाड़ समेट रहा था। तभी उसका पैर फिसल गया। छत से वह गली में गिरा। सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत मौके पर हो गई। घटना की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। मृतक के चार बेटे व एक बेटी है। पुत्र शमद, आसिफ, फहद, अलतमस के अलावा बेटी तसमिया व पत्नी रोबीना का रो रो कर बुरा हाल है।