मकान पर छापा, 914 बोरी राशन का चावल बरामद

मकान पर छापा, 914 बोरी राशन का चावल बरामद

अलीगढ़ : इगलास में राशन के चावल की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया। अलीगढ़-मथुरा रोड स्थित गांव सहारा कला के समीप एक मकान पर छापा मारकर एसडीएम ने चावल की 914 बोरी बरामद की हैं। इस मकान से पहले भी सरकारी राशन के बोरे पकड़े गए थे। मकान मालिक फरार है। मामला दर्ज कराने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी गई है। इधर प्रशासन की इस कार्रवाई से गांव के लोगों में खलबली मच गई है।

दो कमरों में रखे थे चावल के बोरे

एसडीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि राशन की कालाबाजारी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर नायब तहसीलदार प्रवेश कुमार, कोतवाल रामसिया मौर्य व पूर्ति निरीक्षक कोल प्रमोद कुमार, एसआइ चरन सिंह नागर के साथ बंशी के मकान पर छापेमारी की गई। मकान के दो कमरों में चावल के बोरे रखे मिले। ज्यादातर बोरे सरकारी खाद्यान्न के थे। कई बोरे लूज थे। सभी बोरे एक राशन डीलर के यहां रखवा दिए गए हैं। जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है। अनुमोदन मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
लॉकडाउन में कहां से आया इतना चावल

इस समय लॉकडाउन है। जिन वाहन चालकों पर पास हैं उन्हें ही आने-जाने की छूट है। अब सवाल यह है कि लॉकडाउन के दौरान इतनी बड़ी मात्रा में राशन का चावल यहां कैसे पहुंचा। दूसरा यह चावल कहां से लाया गया है। एसडीएम का कहना है कि इस संबंध में जांच की जा रही है।

माफिया ऐसे करते हैं कालाबाजारी
विभाग की जांच में सामने आया कि माफिया ई-रिक्शा से फेरी के माध्यम से चावल खरीदवा रहे हैं। फेरी वाले फ्री का चावल लेने वाले लोगों के घर जाते हैं और 10-12 रुपये किलो में खरीद लेते हैं। इसी रेट में कुछ डीलरों से भी चावल लिया गया है। चावल एकत्रित करने में तीन रुपये किलो का खर्चा होता है। माफिया को यह 15 रुपये किलो पड़ता है, जिसे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत अन्य शहरों में भेज कर बेचा जाता है।

About The Author

Team KNLS Live

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks