वाह री ठांय ठांय पुलिस! 4 और 6 वर्षीय बच्चों को बनाया मारपीट का आरोपी, मां ने मुख्य मंत्री से लगाई गुहार

वाह री ठांय ठांय पुलिस! 4 और 6 वर्षीय बच्चों को बनाया मारपीट का आरोपी, मां ने मुख्य मंत्री से लगाई गुहार

उत्तर प्रदेश: मैनपुरी जिले में पुलिस ने ऐसा कारनामा किया, जिससे एक परिवार के होश उड़ गए। थाना किशनी पुलिस ने मारपीट के मामले में चार साल और छह साल के दो मासूमों को आरोपी बना दिया। बच्चों की मां ने मुख्य मंत्री को शिकायती पत्र भेजकर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही बच्चों पर दर्ज मुकदमा वापस लेने की गुहार भी लगाई है।

थाना किशनी क्षेत्र के गांव बसैत निवासी संगीता चतुर्वेदी पत्नी चक्रेश चतुर्वेदी ने बताया कि उनका सास और जेठ से विवाद चल रहा है। 21 सितंबर को उसके चार साल के बेटे और छह साल के बेटे के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज एवं धमकी दिए जाने का मामला दर्ज करा दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज करते वक्त जांच करना भी जरूरी नहीं समझा। बच्चों को भी आरोपी बना दिया।

पीड़िता ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री के साथ ही राज्य महिला आयोग, डीआईजी, पुलिस अधीक्षक से भी की। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उधर, प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह का कहना है कि वादी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जांच में जैसे ही पता चला कि दो आरोपी बच्चे हैं, तो उनकी नामजदगी हटा दी गई है।
भोगांव थाने में सामने आए पारिवारिक विवाद के दो मामले

भोगांव क्षेत्र के गांव विनोदपुर निवासी महिला ने थाने में तहरीर दी है। इसमें कहा है कि जेठ जेठानी पारिवारिक विवाद को लेकर आए दिन गाली गलौज करते हैं। गुरुवार की रात करीब 11 बजे जेठ शराब के नशे में घर में घुस आए। गाली-गलौज करने लगे। जब विरोध किया तो उन्हें पीटकर घायल कर दिया।

एक अन्य मामले को लेकर मोहल्ला नद्दाफान निवासी गीता ने तहरीर दी। इसमें कहा है कि गुरुवार की शाम वह दरवाजे पर बैठी थी। तभी सास अपने दामाद के साथ वहां आई और गालियां देने लगी। जब उसने रोका तो पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks