
बरेली। थाना सुभाषनगर क्षेत्र के होली चौराहे पर पुरानी टशनबाजी को लेकर हुए हमले में संजय सक्सेना की मौत हो गई, जबकि उनका साथी मोनू सैनी घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की रात करीब दो बजे दोनों ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी आशीष गुर्जर, विकास श्रीवास्तव, धीरेंद्र समेत अन्य लोगों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच करीब छह महीने से विवाद चल रहा था। मृतक की बहन की सूचना पर पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी विकास को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।