
बरेली। मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप नाथ कॉरिडोर को भव्य स्वरूप देने की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। सौ फीटा तिराहे को ‘शिव नाद चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। केंद्रीय रोटरी पर त्रिशूल और डमरू की भव्य संयुक्त कलाकृति स्थापित की जाएगी, जो नाथ परंपरा और भगवान शिव के नाद का प्रतीक बनेगी।
चौराहे पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, हरित पट्टियां, फूलों और सजावटी पौधों से सौंदर्यीकरण किया जाएगा। सैटेलाइट क्षेत्र से इज्जतनगर बैरियर चौकी तक मार्ग के चौड़ीकरण और यातायात सुधार की भी योजना है, जिसका तकनीकी परीक्षण कराया जा चुका है।
चौक पर करीब 100 फीट लंबी विकास गाथा दीवार भी बनाई जाएगी। इसमें ग्रेटर बरेली, रामगंगा नगर, सप्त नाथ ईको सिटी, कैनाल फ्रंट, जटायु पार्क सहित प्रमुख विकास एवं पर्यटन परियोजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे, आईएएस ने कहा कि ‘शिव नाद चौक’ नाथ कॉरिडोर की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के साथ आधुनिक विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था का प्रतीक बनेगा। उद्देश्य है कि बरेली आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और शहरवासियों को यहां की भव्यता और विकास की नई तस्वीर दिखाई देगी।