बंद विद्यालयों को लेकर सपा का विरोध प्रदर्शन, सतेन्द्र मौर्य बोले—2027 में सरकार बनी तो फिर खुलेंगे स्कूल



बरेली, पीलीभीत ।शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ सतेन्द्र मौर्य ने 127 विधानसभा पीलीभीत क्षेत्र में बंद किए गए प्राथमिक विद्यालयों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आयोजन सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशन में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर किया गया।
सतेन्द्र मौर्य कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ प्राथमिक विद्यालय इमाम नगर, प्राथमिक विद्यालय भूरकोनी और प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर पहुंचे। यहां उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की और ग्रामीणों के साथ बंद विद्यालयों को लेकर विरोध जताया।
इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विद्यालयों को दोबारा संचालित किए जाने की मांग उठाई। मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन के साथ प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक भी हुई। सतेन्द्र मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा विद्यालयों को बंद किया जाना ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों की शिक्षा के साथ अन्याय है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद किए गए विद्यालयों को प्राथमिकता के आधार पर दोबारा खुलवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य को लेकर काम करेगी। उन्होंने महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये तथा बच्चों को पहले की तरह लैपटॉप और वजीफा दिए जाने की बात भी कही। साथ ही किसान, मजदूर, नौजवान और महंगाई से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में जिला सचिव अदील अहमद, हसन खां, नगर उपाध्यक्ष अशोक सैनी, देवकुमार मौर्य, जितेन्द्र मौर्य, विकास मौर्य, आकाश मौर्य सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान और ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks