
बरेली । थाना किला के गढ़ी चौकी इलाके में 19 वर्षीय युवक राहुल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने उसके चार दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक राहुल के पिता विनोद कश्यप ने जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर पत्रकारों को बताया कि गुरुवार रात नौ बजे राहुल खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाले रवि, जतिन, लकी, सोनू और उनके अन्य साथी उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि रात करीब तीन बजे राहुल खून से लथपथ और बेहोशी की हालत में घर के बाहर दरवाजा पर पड़ा था। दरवाजे से कुछ दूरी पर उसकी चप्पल पड़ी हुई थी। परिजनों ने उसे घर के अंदर लिटाया तो उसके सिर समेत शरीर पर चोटों के निशान दिखाई दिए। शुक्रवार सुबह राहुल की हालत और बिगड़ गई। परिजन उसे ई-रिक्शा से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता का आरोप है कि चारों दोस्तों ने राहुल की रात भर पिटाई की और बेहोशी की हालत में घर के बाहर छोड़कर भाग गए। उन्होंने किला थाना पुलिस को तहरीर देकर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। मृतक की मां गीता ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले ज़ब माता पिता दिल्ली में काम करने चले गए थे तभी राहुल का सोनू, लकी, रवि और जतिन से विवाद हो गया था। बाद में सभी के बीच फिर दोस्ती हो गई, लेकिन उन्हें शक है कि पुरानी रंजिश के चलते उनके बेटे को बुलाकर पिटाई की गई और उसकी हत्या कर दी गई।