
बरेली। 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक फुटबॉल (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 के आज चौथे दिन रिजर्व पुलिस लाइन फुटबॉल मैदान रोमांच और जोश से भर उठा। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में मेजबान बरेली जोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेरठ जोन को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में मेरठ जोन ने कड़े मुकाबले में वाराणसी जोन को 1-0 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में गोरखपुर जोन ने प्रयागराज जोन को 2-0 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। तीसरे स्थान के मुकाबले में वाराणसी जोन ने प्रयागराज जोन को 2-0 से हराकर तीसरा स्थान अपने नाम किया।
महिला वर्ग के फाइनल में बरेली जोन की खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, तेज आक्रमण और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मेरठ जोन को कोई मौका नहीं दिया और 2-0 की जीत के साथ ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। विजेता टीम के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों और अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
अब सभी की निगाहें 24 जुलाई को होने वाले पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां गोरखपुर जोन और मेरठ जोन की टीमें रिजर्व पुलिस लाइन, बरेली के फुटबॉल मैदान पर चैंपियन बनने के लिए आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता पूरे समय अनुशासित, सौहार्दपूर्ण और खेल भावना के माहौल में आयोजित की जा रही है।