
बरेली। अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 201 ग्राम अवैध स्मैक, दो मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर ग्राम सरकड़ा तिराहे के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को उस समय दबोच लिया गया, जब वे स्मैक बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तालिब और रफी, निवासी मोहल्ला करेली, थाना सुभाषनगर, बरेली के रूप में हुई है।
पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।