
बरेली। थाना बिथरी चैनपुर में छेड़छाड़ के आरोप में लाए गए आरोपी के घायल होने के मामले को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से लिया है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए तत्काल प्रभाव से उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया गया है।
11 जुलाई 2026 को पीआरवी द्वारा छेड़छाड़ के आरोप में थाना बिथरी चैनपुर लाए गए आरोपी अनिल पुत्र छेदालाल, निवासी ग्राम चन्दपुर, के कथित रूप से थाने के कांच के दरवाजे से बाजू में चोटिल होने के मामले में एसएसपी ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
जांच समिति की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अपराध (SP Crime) करेंगे, जबकि क्षेत्राधिकारी अपराध और प्रभारी सीसीटीएनएस को समिति का सदस्य बनाया गया है। समिति पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपेगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों के आधार पर की जाएगी तथा रिपोर्ट के अनुसार आगे आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।