
बरेली । सरकारी आवासों पर अनाधिकृत कब्जे के खिलाफ प्रशासन सख्त हो गया है। नगर मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी अधिकारी (नजारत) राजेश कुमार वर्मा ने पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, राजेंद्र नगर स्थित कई राजकीय आवासों पर अनाधिकृत रूप से काबिज कर्मचारियों को 10 जून 2026 तक आवास खाली करने का अंतिम नोटिस जारी किया है।
जारी नोटिस के अनुसार शाहजहाँपुर में तैनात उप निरीक्षक किरन पाल, बदायूं में तैनात उप निरीक्षक विदेश शर्मा, मथुरा में तैनात महिला कांस्टेबल मीनाक्षी शर्मा तथा मेरठ में तैनात प्रशासनिक अधिकारी शेखर चंद्र बिष्ट स्थानांतरण के बावजूद सरकारी आवासों पर कब्जा बनाए हुए हैं।

नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा तक आवास खाली नहीं किए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध राजकीय संपत्ति पर अनाधिकृत कब्जे का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। साथ ही प्रशासन द्वारा बलपूर्वक कार्रवाई कर सरकारी आवास खाली कराए जाएंगे।
प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी संपत्तियों के दुरुपयोग पर सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।