अब कोई बच्चा टीकाकरण से नहीं रहेगा वंचित, स्वास्थ्य विभाग ने वायदे के साथ कसी कमर

बरेली। जनपद में एक भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने ‘जीरो डोज’ कार्यक्रम के दूसरे चरण का आगाज कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग एवं एड्रा इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय अभिमुखीकरण एवं संवेदीकरण कार्यशाला में अधिकारियों ने शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।

कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। ‘जीरो डोज’ कार्यक्रम उन बच्चों तक पहुंचने का विशेष अभियान है जो किसी कारणवश टीकाकरण से छूट गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रणनीति बनाकर प्रत्येक बच्चे को टीका सुरक्षा चक्र से जोड़ा जाए।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि दूसरे चरण में ऐसे बच्चों की पहचान, ट्रैकिंग और नियमित टीकाकरण से जोड़ने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। वहीं मण्डलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. अखिलेश्वर सिंह ने कहा कि प्रथम चरण के अनुभवों के आधार पर अब घर-घर संपर्क, माइक्रो प्लानिंग और सामुदायिक सहभागिता को और मजबूत किया जाएगा।
कार्यशाला में प्रथम चरण की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। एड्रा इंडिया के विवेकानंद विश्वास एवं इरशाद हसन खान ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। साथ ही जेएसआई, यूएनडीपी, विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ सहित विभिन्न संस्थाओं के विशेषज्ञों ने तकनीकी सुझाव देकर अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर शहरी नोडल अधिकारी डॉ. अजमेर सिंह, यूनिसेफ के शोभित शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित जनपद के सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks