डेंगू-मलेरिया से बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

फर्जी अस्पतालों व झोलाछाप डॉक्टरों पर होगी सख्त कार्रवाई

बरेली। जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि आगामी ऋतु परिवर्तन को देखते हुए जनपद में डेंगू, मलेरिया सहित अन्य वेक्टर जनित बीमारियों से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को लगातार जागरूक किया जाएगा। लोगों को घरों और आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने तथा मच्छरों से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
सीएमओ ने बताया कि डेंगू और मलेरिया से पीड़ित मरीजों के उपचार के लिए जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में समुचित व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। प्रभावित क्षेत्रों की मैपिंग कर वहां विशेष बचाव और नियंत्रण उपाय किए जाएंगे तथा लोगों को मच्छरदानी के अधिक से अधिक उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि अप्रैल 2026 में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को बीमारियों से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा जनपद में रेबीज नियंत्रण के लिए एआरवी वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है और सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि फर्जी अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अधोमानक और नकली दवाओं की बिक्री के खिलाफ भी प्रवर्तन कार्रवाई जारी है।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks