
बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार दिनांक 05 मार्च 2026 की रात्रि लगभग 10 बजे सूचना मिली कि साहू गोपीनाथ बिल्डिंग के पास एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक की पहचान अभिषेक राणा पुत्र राकेश कुमार निवासी कालीबाड़ी थाना बारादरी के रूप में हुई। परिजनों की मौजूदगी में उसे तुरंत सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर बाद में सिविल लाइंस स्थित सिद्धिविनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने रात में ही घायल युवक की सर्जरी की।
घटना के संबंध में हर्ष पाल पुत्र आनंद पाल निवासी कालीबाड़ी थाना बारादरी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना बारादरी में मुकदमा संख्या 0266/2026 धारा 109 बीएनएस बनाम अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।
थाना बारादरी पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद 8 मार्च 2026 को घटना में शामिल अभियुक्त अमन पुत्र बबलू निवासी आजमनगर चौराहा मोहल्ला सिकलापुर थाना बारादरी को मोहल्ला गंगापुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने अपने साथी तिलक पुत्र श्यामसुंदर निवासी सिकलापुर फर्नीचर मंडी के साथ मिलकर पेपर कटर से अभिषेक राणा के गले पर हमला किया था। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पेपर कटर भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि 5 मार्च की रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने साथी तिलक के साथ शराब के नशे में सिकलापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान गली से अभिषेक राणा लड़खड़ाते हुए आता दिखाई दिया। उन्होंने उससे शराब पिलाने के लिए कहा, लेकिन अभिषेक ने मना कर दिया और गाली-गलौज करने लगा। इसी बात पर गुस्से में आकर अमन ने अपने पास रखे पेपर कटर से उसके गले पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अमन के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित मामले शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष रिमांड के लिए पेश किया जा रहा है, जबकि फरार अभियुक्त तिलक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय, उपनिरीक्षक अखिलेश उपाध्याय (प्रभारी चौकी श्यामगंज), हेड कांस्टेबल बलवेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल तेज सिंह तथा कांस्टेबल जय कुमार थाना बारादरी शामिल रहे।