बी एन एस डीएवी में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

गिरिडीह:- सिरसिया स्थित बीएनएस डीएवी पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपाधीक्षक कौशर अली एवं यातायात निरीक्षक दोगुन तोपोन रहे। जिनका स्वागत विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने पौधा भेंट कर किया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ थीम को ध्यान में रखकर चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा एक से लेकर कक्षा पाँच के छात्रों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। छात्रों ने विभिन्न चित्रों के माध्यम से हेलमेट पहनने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, कार चलाते समय सीट बेल्ट पहनने, गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को रचनात्मक रूप दिया। पुलिस उपाधीक्षक कौशरअली ने स्वयं छात्रों के बीच चित्र बनाया और सड़क सुरक्षा नियमों के विषय में छात्रों को बताया कि ‘हमें सड़क पर हमेशा बाई तरफ से चलना चाहिए, ज़ेबरा क्रॉसिंग का उपयोग करना चाहिए, सड़क पार करते समय दोनों तरफ देख कर ही सड़क पार करना चाहिए, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करना चाहिए चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करना चाहिए आदि। सड़क संबंधी नियमों का हमें पालन करना चाहिए और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।
विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने कहा कि ‘यातायात संबंधी नियमों के प्रति छात्रों को जागरूक करने में हमारा विद्यालय सदैव तत्पर रहा है। साथ ही विद्यालय द्वारा चलाई जाने वाली बसों में भी यातायात संबंधी नियमों का पालन बड़ी शक्ति से किया जाता है और समय-समय पर उसकी जांच भी की जाती है ताकि बच्चों को सुरक्षित लाया और ले जाया जा सके। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks