
चुनार। स्थानीय थाना क्षेत्र के शिल्पी गांव से दो दिन पूर्व प्रेमी के साथ फूर्र हुई प्रेमिका का मंगलवार को कोतवाली स्थित राधा कृष्ण मंदिर में वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। शिल्पी निवासी रामअधार ने अपनी पुत्री संध्या के 23 जून को गायब होने की तहरीर कोतवाली मे दी थी। जिसके बाद पुलिस जांच में पता लगा की संध्या अपने प्रेमी वाराणसी के हरहुआ स्थित बीरापट्टी बार गांव के रहने वाले सूरज पुत्र दशरथ के साथ गई है। मंगलवार को पुलिस दोनों को कोतवाली लेकर आई और दोनों के परिवारों को बुलावाया। काफी देर तक मामले को लेकर चली पंचायत में पहले तो परिजन तैयार नहीं हुए, लेकिन जब प्रेमी-प्रेमिका एक दूजे से अलग न होने पर अड़े रहे तो दोनों के परिवारों ने भी विवाह के लिए सहमति दे दी। कोतवाली में दोनों के विवाह की रस्म अदायगी की गई और सूरज ने संध्या के गले में वरमाला डालने के साथ ही उसे मंगलसूत्र पहनाया। वैवाहिक कार्यक्रम पुजारी अनिल मिश्रा ने हिंदू धर्म शास्त्र के अनुसार विधि विधान से संपन्न कराया।कोतवाल रवींद्र भूषण मौर्य ने बताया कि दोनों कपल वालिग है और परिजनों की रजामंदी से कोतवाली परिसर स्थित मंदिर में वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हुआ है। इस अवसर पर सूरज की बहन बबीता, मां मंजू, मौसा ओमप्रकाश आदि तथा संध्या की मां विमला देवी, भाई रुस्तम व विशेष, नाना रामसनेही भी मौजूद रहे।